हल्द्वानी के लक्ष्य रायचंदानी बने भारत अंडर-19 टीम के उपकप्तान, श्रीलंका दौरे के लिए चयन,हल्द्वानी में जश्न
हल्द्वानी शहर के होनहार क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे के लिए हुआ है। खास बात यह है कि लक्ष्य को टीम का उपकप्तान भी नियुक्त किया गया है। उनके चयन से उत्तराखंड क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है और जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन तथा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया है। भारतीय अंडर-19 टीम श्रीलंका दौरे पर 3 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेलेगी। जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपने ने बताया कि लक्ष्य इस समय देहरादून में उत्तराखंड रणजी टीम के कैंप में शामिल हैं और 25 जून को बेंगलुरु में भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे
श्रीलंका दौरे के मुकाबले 4 जुलाई से शुरू होंगे। लक्ष्य रायचंदानी पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड क्रिकेट का एक बड़ा नाम बनकर उभरे हैं। उन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। चार रणजी मैचों में तीन अर्धशतक जड़कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। त्रिपुरा के खिलाफ 64 रन, क्वार्टर फाइनल में असम के खिलाफ 86 रन और सेमीफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ 56 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता। इससे पहले 2023-24 की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में लक्ष्य ने पांच मैचों में एक दोहरा शतक, तीन शतक और दो अर्धशतक लगाते हुए 138.83 की औसत से 833 रन बनाए थे। वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इसी शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बीसीसीआई का प्रतिष्ठित नमन अवॉर्ड भी मिला।अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी और कूच बिहार ट्रॉफी में भी लक्ष्य का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। 2025-26 सत्र में वीनू मांकड़ ट्रॉफी के पांच मैचों में उन्होंने 103, 76, 76, 42 और 11 रन की पारियां खेलते हुए कुल 308 रन बनाए हैं। महज आठ वर्ष की उम्र से क्रिकेट खेल रहे लक्ष्य पिछले पांच वर्षों से हल्द्वानी स्थित जीएनजी क्रिकेट एरिना में कोच अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके भारतीय टीम में चयन पर जीएनजी क्रिकेट एरिना में जश्न मनाया गया।
कोच अभिषेक कुमार ने इसे लक्ष्य की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। जीएनजी क्रिकेट एरिना की डायरेक्टर पूजा कांडपाल और मैनेजिंग डायरेक्टर दिग्विजय कनवाल ने लक्ष्य को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा, जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित हृदयेश सहित खेल जगत की कई हस्तियों ने लक्ष्य को बधाई दी है।भारतीय अंडर-19 टीम में उपकप्तान के रूप में चयनित होकर लक्ष्य रायचंदानी ने न केवल हल्द्वानी बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
अपने मोबाइल पर प्रगति टीवी से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए ऑप्शन पर क्लिक करें -
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें
👉 अपने क्षेत्र की खबरों के लिए 8266010911 व्हाट्सएप नंबर को अपने ग्रुप में जोड़ें



हल्द्वानी:नशे में धुत टैक्सी चालक महिला दुकानदार से की छेड़छाड़, भड़के लोगों ने कार में की तोड़फोड़; आरोपी को पीटा हुआ फरार-VIDEO
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी इन जनपदों में स्कूल आंगनबाड़ी केंद्र कल बंद, DM के आदेश ।।
हल्द्वानी में मरियम पैरामेडिकल कॉलेज पर कब्जे की साजिश: संस्थापक पक्ष ने SSP से लगाई गुहार, कहा- ‘फर्जी दस्तावेजों से हड़पने की कोशिश’
मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS छात्रा को सांप ने डसा, सोते समय बेड पर चढ़कर काटा